Karnataka Cabinet: कर्नाटक में मंत्रिमंडल का विस्तार आज, सिद्धारमैया सरकार में 24 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

Karnataka Siddaramaiah Cabinet: 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कैबिनेट का आज विस्तार होगा। सिद्धारमैया सरकार में आज 24 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। आज कर्नाटक में सभी विभाग मंत्रियों में बांटे जाएंगे। कर्नाटक के मंत्री एच मुनियप्पा ने जानकारी दी है कि सिद्धारमैया के कैबिनेट का विस्तार आज दोपहर को होगा। इसके अलावा शाम तक सभी विभागों का भी बंटवारा कर दिया जाएगा। कैबिनेट के विस्तार से पहले सीएम सिद्धारमैया ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से भी मुलाकात की है।

सीएम सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के अलावा 8 अन्य मंत्रियों ने पहले ही शपथ ग्रहण कर लिया था। 20 मई को सिद्धारमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके साथ ही अब ये साफ हो गया है कि कर्नाटक के मंत्रिमंडल में किन-किन मंत्रियों को शामिल किया जाएगा।

इन विधायकों के नाम पर लगी मुहर 

सिद्धारमैया की सरकार में आज शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों में एच के पाटिल, कृष्ण बाइर गौड़ा , एन चेलन स्वामी, के वेंकटेश, एच सी महादेवप्पा, ईश्वर खांद्रे, के एन राजन्ना, दिनेश गुंडुराव, शरनाबसप्पा, शिवानंद पाटिल, आरबी तिम्मापुर, एसएस मल्लिकार्जुन, शिवराज तंगाडगी, शरण प्रकाश पाटिल, मनकलवैद्द, लक्ष्मी हेबलकर, रहीम खान, डी सुधाकर, संतोष लाड, एनएस बोस राजो, बयार्थी सुरेश, मधु बंगरप्पा, एम सी सुधाकर, बी नागेंद्र शामिल हैं। 

 

कांग्रेस की तरफ से जारी इन मंत्रियों की लिस्ट में छह लिंगायत और चार वोक्कलिगा विधायकों के अलावा तीन अनुसूचित जाति के विधायक, दो अनुसूचित जनजाति और पांच अन्य पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम और जैन के साथ मराठा, राजू, कुरुबा, इडीगा, ब्राह्मण समाज के विधायकों को भी शामिल किया गया है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने वरिष्ठ और कनिष्ठ विधायकों को उचित सम्मान देने के साथ-साथ जाति और क्षेत्रीय समीकरणों का ध्यान रखकर मंत्रिमंडल में संतुलन कायम किया है।

झारखंड और हिमाचल प्रदेश के सीएम कार्यक्रम में होंगे शामिल 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने मंत्रियों के नाम की लिस्ट पर अंतिम मुहर लगाई है। बता दें, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भी मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा के चुनाव हुए और 13 मई को नतीजे घोषित किए गए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help? Contact Me!