भिलाई भाजपाइयों ने धान रोप कर किया खराब सड़क का विरोध:
भाजपाइयों ने धान रोप कर किया खराब सड़क का विरोध:कहा निगम टैक्स तो ले रहा है, लेकिन विकास के नाम पर जीरो है
भिलाई। भिलाई निगम अंतर्गत सुंदर विहार कालोनी कुरुद की सड़के चलने लायक नहीं है। यहां बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं। हालत यह है कि यहां आए दिन लोग गिरकर चोटहिल हो रहे हैं। कई बार मांग के बाद भी नगर निगम यहां की सड़क नहीं बना रहा है। इसके विरोध में भाजपाइयों ने यहां की सड़क में धान रोपा।
गुरुवार शाम को बड़ी संख्या में भाजपा नेता सुंदर विहार कालोनी पहुंचे। उनके हाथ में धान का रोपा था। इसके बाद उन्होंने सड़क में धान रोपा और कहा कि यह सड़क चलने लायक नहीं है, इसलिए धान रोपकर अपना विरोध जता रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क में धान का रोपा देखकर शायद निगम और राज्य सरकार का ध्यान इस कालोनी पर जाए और सड़क, नाली और सीवरेज की सुविधा मिल जाए। भाजपाइयों ने कहा कि यदि निगम ने इस कालोनी में जल्द सड़क का विकास नहीं किया तो वो लोग आगे और बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।
कालोनी वासियों ने टैक्स न पटाने का लिया निर्णय
सुंदर विहार कालोनी वासियों का कहना है कि यहां तो कोई रोड है ना नाली है। कालोनी के विकास के समय से ही मुरुम रोड बनी है। बारिश के मौसम में रोड इतनी खराब हो जाती है कि यहां चलना मुश्किल हो जाता है। निगम आए दिन आकर टैक्स पटाने के लिए दबाव बना रहा है। नोटिस जारी कर रहा है। अब कालोनी वासियों ने यह तय कर लिया है कि जब तक यहां रोड नाली और सीवरेज की सुविधा नहीं हो जाती है कोलोनी का भी निवासी निगम को टैक्स नहीं पाएगा।
20 साल पुरानी कालोनी का नहीं हो रहा विकास
दिलीप सिंह का कहना है कि कालोनी में 200-250 मकान हैं। यह कालोनी लगभग 20 साल पुरानी है। यहां के निवासियों ने पार्षद, निगम प्रशासन सभी को लिखित में शिकायत की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। रोड खऱाब होने की वजह से दुर्घटना में दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसीलिए अब कालोनी का कोई निवासी निगम को तब तक टैक्स नहीं देगा, जब तक कि उसे सभी मूलभूत सुविधाएं न मिलने लगें।